उज्जैन: आगर रोड पर सोमवार देर शाम भीषण आग लग गई। फर्नीचर कारखाने में लगी आग के बाद अफरा-तफरी मच गई। आगजनी की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड और पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चिमनगंज थाना पुलिस के अनुसार आगररोड खिलचीपुर पुलिया के पास फर्नीचर कारखाना बना हुआ था। देर शाम 7.30 बजे के लगभग अचानक कारखाने में आग लग गई। कुछ पल में ही आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटे देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। वहीं 5-6 फायर बिग्रेड की दमकले भी आग पर काबू पाने के लिये पहुंची। आग पर काबू पाया जाता उससे पहले पूरा कारखाना स्वाहा हो चुका था। पुलिस के अनुसार फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। संभावना है कि शार्ट सर्किट हो सकता है।
