शेयर बाजारों में फिर भारी गिरावट, सेंसेक्स ने लगाया 1,837 अंक का गोता

मुंबई, 23 मार्च (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को एक बार फिर पश्चिम एशिया का संकट हावी रहा और बीएसई का सेंसेक्स 1,836.57 अंक (2.46 प्रतिशत) लुढ़ककर 21 महीने के निचले स्तर 72,696.39 अंक पर आ गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 601.85 अंक यानी 2.60 प्रतिशत को गोता लगाकर 11 महीने से ज्यादा के निचले स्तर 22,512.65 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स का यह 04 जून 2024 के बाद का और निफ्टी-50 का 07 अप्रैल 2025 के बाद का निचला स्तर है।

पश्चिम एशिया संकट के असर से पूरी दुनिया में शेयर बाजारों में आज भारी गिरावट रही। साथ ही भारतीय मुद्रा में जारी नरमी के कारण भी निवेश धारणा कमजोर हुई है। खबर लिखे जाते समय अंतरबैंकिंग मद्रा बाजार में रुपया फिलहाल 49 पैसे टूटकर 94.0250 रुपये प्रति डॉलर पर था। एक समय यह 94.0350 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया था।

मझौली और छोटी कंपनियों पर और अधिक दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 3.67 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 3.94 प्रतिशत गिर गया। बाजार में उथल-पुथल को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स 17 के पार रहा।

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह का सूचकांक पांच प्रतिशत से ज्यादा टूट गया। धातु, रियलटी और सार्वजनिक बैंकों के समूहों में भी चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा, मीडिया, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और रसायन समेत लगभग सभी प्रमुख सेक्टरों पर काफी दबाव रहा। आईटी समूह का सूचकांक सबसे कम 0.18 प्रतिशत गिरा।

सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन का शेयर छह प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया। ट्रेंट और अल्ट्राटेक सीमेंट में पांच से छह प्रतिशत के बीच गिरावट रही। बीईएल, इंडिगो, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक और अडानी पोर्ट्स के शेयर चार से पांच प्रतिशत तक गिर गये।

महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स और आईटीसी से शेयर तीन से चार प्रतिशत तक उतर गये। बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, एलएंडटी, भारतीय स्टेट बैंक, इटरनल, बजाज फाइनेंस और एनटीपीसी में दो से तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी।

मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर और सनफार्मा के शेयर भी एक प्रतिशत से ज्यादा फिसले। रिलायंस इंडस्ट्रीज और टीसीएस के शयेर भी लाल निशान में रहे। एचसीएल टेक्नोलॉजीज और पावरग्रिड में एक से दो प्रतिशत तक की तेजी रही।

 

Next Post

रुपया पहली बार 94 प्रति डॉलर पर

Mon Mar 23 , 2026
मुंबई, 23 मार्च (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया सोमवार को पहली बार 94 प्रति डॉलर से नीचे उतर गया। पिछले कुछ दिनों से लगातार नये निचले स्तर को छूने वाली भारतीय मुद्रा आज 31.25 पैसे लुढ़ककर 93.8475 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। बीच कारोबार में यह 94.1125 रुपये प्रति […]

You May Like