पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। अब फैंस जानना चाहते हैं कि यह फिल्म OTT पर कब और किस प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।
साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म उस्ताद भगत सिंह 19 मार्च को दुनियाभर में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। दिलचस्प बात यह रही कि इसी तारीख पर पहले Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups रिलीज होने वाली थी, लेकिन उसके हटने के बाद ‘उस्ताद भगत सिंह’ को सोलो रिलीज का फायदा मिला।
OTT रिलीज में होगा बदलाव
आमतौर पर तेलुगू फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने के करीब 4 हफ्तों के भीतर OTT प्लेटफॉर्म पर आ जाती हैं। लेकिन ‘उस्ताद भगत सिंह’ इस ट्रेंड को तोड़ने जा रही है। फिल्म के मेकर्स ने पहले ही साफ कर दिया था कि इसका डिजिटल प्रीमियर थिएट्रिकल रिलीज के पांच हफ्ते बाद किया जाएगा।
निर्माता नवीन येरनेनी ने एक प्रेस मीट के दौरान बताया था कि फिल्म को सिनेमाघरों में ज्यादा समय देने के लिए यह फैसला लिया गया है।
कब और कहां देख पाएंगे फिल्म?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का OTT पार्टनर नेटफ्लिक्स है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि ‘उस्ताद भगत सिंह’ 24 अप्रैल के आसपास इस प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो सकती है। फिल्म को कई भाषाओं में रिलीज किए जाने की योजना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शक इसे देख सकें।
इन सबके बीच अगर फिल्म के स्टारकास्ट के बारे में बात करें, तो पवन कल्याण के अलावा श्रीलीला, राशि खन्ना, के.एस. रविकुमार, पार्थिबन, गौतमी, राव रमेश और सत्यम राजेश जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी एक सियासी साजिश के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री की हत्या की योजना के बीच उनके बेटे के लापता होने का मामला सामने आता है। जांच में शक की सुई उस्ताद भगत सिंह पर जाती है, जिसे पवन कल्याण ने निभाया है।
इसके बाद कहानी कई रहस्यों और ट्विस्ट्स के साथ आगे बढ़ती है, जहां धीरे-धीरे सच्चाई सामने आती है और किरदार के असली मकसद का खुलासा होता है।
डायरेक्शन और खास बात
फिल्म का निर्देशन हरीश शंकर ने किया है, जिन्होंने इससे पहले 2012 में ‘गब्बर सिंह’ में भी पवन कल्याण के साथ काम किया था। दोनों की यह जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को एंटरटेन करने में सफल होती नजर आ रही है।
