उज्जैन-आलोट लोकसभा सीट पर कार्यकर्ता इस बार जीत का रिकॉर्ड बनाए: यादव

उज्जैन, (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किया है।

केंद्र सरकार की योजनाओं से उज्जैन को लाभ मिला है।
इससे जनता को अवगत कराएं और उज्जैन व आलोट लोकसभा सीट पर जीत का रिकॉर्ड बनाएं।

डॉ यादव ने यह बात उज्जैन-आलोट लोकसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इस बार उज्जैन के कार्यकर्ताओं पर दोहरी जिम्मेदारी है।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को खुले दिल से आशीर्वाद दिया और 163 सीटों पर विजयी दिलायी।
कार्यकर्ताओं की मेहनत और संपर्क के माध्यम से प्रदेश की सभी 29 सीटों पर विजय और ‘अबकी बार 400 पार’ का नारा साकार होगा।

बैठक को लोकसभा के प्रदेश सह चुनाव प्रभारी सतीश उपाध्याय, उज्जैन लोकसभा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया, प्रदेश चुनाव प्रबंधन टोली के संयोजक हेमंत खण्डेलवाल ने संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर में धारा 370, 35-ए की समाप्ति एवं अयोध्या में श्री राममंदिर निर्माण जनभावनाओं से जुड़े ऐसे मुद्दे थे जो कई वर्षों से लंबित थे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कश्मीर में धारा 370 हटाकर आतंकवाद का खात्मा किया और कश्मीरी पंडितो को न्याय दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ है तो वह श्री मोदी को दिए वोट से ही संभव हुआ है।

श्री मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास के काम आगे बढ़े इसके लिए इस बार हमें प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें हर बूथ पर भाजपा को पिछली बार से अतिरिक्त 370 वोट मिले इसके लिए अपने-अपने बूथ, मंडल और विधानसभा में प्राणपण के साथ जुटना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस बार उज्जैन लोकसभा की दोहरी जिम्मेदारी है, इस नाते पिछली बार से जीत का आंकड़ा भी हमें बढ़ाते हुए लोकसभा की सभी 8 विधानसभाओं में जीत का आंकड़ा बढ़ाते हुए महाविजय प्राप्त करनी है।

लोकसभा के प्रदेश सह चुनाव प्रभारी श्री उपाध्याय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश का चित्र और चरित्र बदला है।

वर्ष 2014 के पहले पूरे देश में निराशा, अविश्वास, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का बोलबाला था।
2014 के पहले कश्मीर में पत्थरबाजी, नक्सलवाद और आतंकवाद की घटना आम बात होती थी, लेकिन श्री मोदी के नेतृत्व में आज देश की सीमाएं सुरक्षित हैं, देश के अंदर आतंकवादी घटनाओं पर अंकुश लगा है।

कश्मीर से धारा 370 हटाने का दमदार निर्णय प्रधानमंत्री श्री मोदी ने लिया है, जिसके कारण आज लाल चौक में तिरंगा लहरा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है।

श्री उपाध्याय ने कहा कि हमें बूथ विजय संकल्प का अभियान नीचे तक ले जाना है और महाकाल की नगरी उज्जैन की लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा सीटों पर विराट विजय प्राप्त करना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की 29 की 29 लोकसभा में भाजपा रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेगी।

बैठक को संबोधित करते हुए चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक हेमंत खण्डेलवाल ने बूथ विजय अभियान के करणीय कार्यों को नीचे स्तर तक क्रियान्वित करने का आह्वान किया।

उज्जैन लोकसभा के पार्टी प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 2014 एवं 2019 में जनता से जो वादें किये उन्हें अक्षरशः पूरा किया है।

मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में 90 दिनों में जनता को कई सौगातें दीं।
उन्होंने कहा कि उज्जैन लोकसभा में पार्टी कार्यकर्ता इतिहास रचते हुए पिछली बार की जीत का रिकॉर्ड भी तोड़ेंगे।

इस अवसर पर विधायक डॉ तेजबहादुर सिंह चौहान, सतीश मालवीय, जितेन्द्र पंड्या, पूर्व विधायक लालसिंह राणावत, किशन सिंह भटोल, सुल्तान सिंह शेखावत, प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया, श्याम बंसल, बालाघाट सांसद ढालसिंह बिसेन, ओम जैन सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

छब्बीस जिलों के 75 विधानसभा क्षेत्रों में आज से चलाये जाएंगे प्रचार वाहन

Wed Mar 20 , 2024
भोपाल, (वार्ता) लोकसभा निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत बेहतर हो, इसके लिये 75 प्रतिशत से कम मतदान वाले विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा विशेष मतदाता जागरुकता प्रचार वाहन चलाये जायेंगे। मतदाता जागरुकता वाहन के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। मुख्य निवार्चन पदाधिकारी […]

You May Like