इंदौर: चंदननगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.43 लाख रुपए कीमत की 43 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई.थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि आईटी पार्क गेट, धार रोड क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर घेराबंदी की गई. इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम ने पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से 43 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 43 हजार रुपए बताई जा रही है.
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहसीन पठान उम्र 30 साल निवासी खजराना बताया. उसने कबूल किया कि वह बाहर से सस्ते दामों में मादक पदार्थ लाकर शहर में महंगे दामों पर बेचता था. आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह खुद नशे का आदी है और कर्ज चुकाने व जल्दी पैसे कमाने के लालच में इस अवैध कारोबार में शामिल हुआ. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर रिमांड पर लिया है. रिमांड के दौरान पुलिस उससे मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
