नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) असम विधानसभा चुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से जारी 88 उम्मीदवारों की पहली सूची में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा को उनकी परंपरागत जालुकबाड़ी विधानसभा सीट से एक बार फिर मैदान में उतारा गया है। वहीं कुछ तीन दिन पहले भाजपा में शामिल हुये वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद प्रद्योत बारदोलई को पार्टी ने दिसपुर सीट से उम्मीदवार बनाया है। भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, रंजीत कुमार दास को भवनिपुर-सोरभोग, जयंत मल्ल बरुआ को नलबाड़ी और चंद्रमोहन पटोवारी को तिहु से टिकट दिया गया है। इसके अलावा बिस्वजीत दैमरी को तामुलपुर, राणोज पेगू को ढेमाजी और विजय मलाकर को रामकृष्ण नगर से उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी ने भूपेन कुमार बोरा को बिहपुरिया, कृष्णेंदु पॉल को पाथरकांडी और अशोक सिंघल को ढेकियाजुली से मैदान में उतारा है। वहीं डॉ. राजदीप रॉय को सिलचर, पल्लब लोचन दास को बिश्वनाथ, रमेश्वर तेली को डुलियाजन और सुषांत बोरगोहेन को डेमोव से टिकट मिला है। महिला उम्मीदवारों को प्राथमिकता देते हुए भाजपा ने पहली सूची में छह महिलाओं को मौका दिया है। इनमें माधवी दास (बिरसिंग-जरुआ), ज्योत्सना कलिता (चामरिया), नीलिमा देवी (मंगलदई), अजंता नेओग (गोलाघाट), निसो तेरांगपी (डिफू) और रुपाली लांगथासा (हाफलोंग) शामिल हैं। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम तय किए गए। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

