जबलपुर: निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर नगर निगम द्वारा संभागवार एवं वार्डवार वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिन करदाताओं के द्वारा बार-बार सूचना देने के बाद भी बकाया करों की राशि जमा नहीं की जा रही है, उन सभी करदाताओं के विरूद्ध कुर्की, नल कनेक्शन काटने, भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। कुर्क सम्पत्तियों को अवधि के उपरांत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए नीलाम करने की कार्रवाई भी की जायेगी। निगमायुक्त ने बताया कि करदाताओं के पास दुगना अधिभार से बचने अब मात्र 13 दिन शेष बचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल से करों की राशि दुगना कर दी जायेगी, और करों की वसूली सख्ती के साथ की जायेगी।
इसी कड़ी में बुधवार को संभाग क्रमांक 06 के अंतर्गत कर वसूली अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण और सफल कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पंडित गोविंद बल्लभ पंत वार्ड और पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। संपत्ति कर बकाया होने पर नियमानुसार कुर्की की प्रक्रिया शुरू की, तो करदाताओं ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए तुरंत कार्यालय पहुंचकर आंशिक भुगतान जमा किया। कस्तूरी बाई गुप्ता पर 26534/- रूपये बकाया और नीलकंठ दीक्षित 91956/- रूपये बकाया होने पर बकायादारों के मामलों में प्रभावी कदम उठाए गए, जिससे निगम के कोष में राशि जमा हुई। कार्रवाई के दौरान संभागीय अधिकारी प्रदीप मेरावी, अरविन्द श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक वसीम मोहम्मद, शुभम जैन, जयकुमार केवट, एस. कौंडेया, जावेद अंसारी, राम कालेश तिवारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।इसी प्रकार संभागीय कार्यालय संभाग क्र. 10, रांझी में बकाया करों की वसूली हेतु एक विशेष अभियान चलाया गया।
गोकलपुर में भी चला अभियान
वहीं गोकलपुर और शहीद भगत सिंह वार्ड में निगम की टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए बकायादारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। गोकलपुर वार्ड में लंबे समय से बकाया होने के कारण एक नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। भारी बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं के घरों पर 3 दिवसीय चेतावनी पोस्टर चस्पा किए गए, शहीद भगत सिंह वार्ड में लक्ष्मण प्रसाद प्रजापति द्वारा कार्रवाई के दौरान ही 8,000/- रुपये की राशि मौके पर जमा कराई गई। कार्यवाही के दौरान संभागीय अधिकारी नरेश शर्मा, राजस्व निरीक्षक नरेन्द्र सिंह राजपूत, वार्ड कर संग्रहिता उदयभान कोल, सविता कुशवाहा और नोटिस सर्वर मुन्ना खान एवं महेश परस्ते आदि उपस्थित रहे मुस्तैद रहे।निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सभी करदाताओं से अपील की है, कि अपने बकाया करों का भुगतान समय पर करें और निगम की अप्रिय कार्रवाई से बचें।
