चार दिन की राहत के बाद फिर तपेगा प्रदेश, बीच में आंधी-बारिश का दौर

भोपाल। मप्र में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। जहां एक ओर तेज गर्मी का असर बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने प्रदेशवासियों को अस्थायी राहत के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक कई जिलों में आंधी, बादल और बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है।

बुधवार को ग्वालियर सहित 13 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में 21 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में बने सिस्टम का असर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दिखाई दे रहा है, जिससे मौसम में यह बदलाव आया है।

प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की जा रही है, हालांकि कई जिलों में अभी भी गर्मी का असर बरकरार है।

मंगलवार को तापमान की बात करें तो खरगोन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो, नरसिंहपुर, रायसेन, मंडला, नर्मदापुरम और खंडवा में भी तापमान 37 डिग्री के पार रहा। बड़े शहरों में भी गर्मी का असर दिखा, जहां जबलपुर में 36.1 डिग्री, भोपाल में 35.2 डिग्री, इंदौर में 34.9 डिग्री और उज्जैन व ग्वालियर में 35.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 21 मार्च तक यह सिस्टम सक्रिय रहेगा, जिसके बाद 22 मार्च से फिर तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। महीने के अंतिम सप्ताह में पारा 40 डिग्री के पार जाने के आसार हैं, वहीं अप्रैल और मई में लू चलने की भी चेतावनी दी गई है।

Next Post

स्पा सेंटरों पर सख्ती: अवैध गतिविधियों पर पुलिस की चेतावनी, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

Wed Mar 18 , 2026
सिंगरौली। जिले में संचालित स्पा एवं मसाज सेंटरों में अनियमितताओं और अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी मनीष खत्री के निर्देशन में सिंगरौली पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटर की आड़ में किसी भी […]

You May Like