नयी दिल्ली, 15 मार्च (वार्ता) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने ईरान-इजरायल- अमेरिका युद्ध के मद्देनजर कई पश्चिम एशियाई देशों में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं।
बोर्ड ने रविवार को जारी एक आधिकारिक आदेश में कहा, “बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के छात्रों के लिए 16 मार्च से 10 अप्रैल, 2026 तक निर्धारित कक्षा बारहवीं की सभी परीक्षाएं रद्द की जाती हैं।”
बोर्ड ने आगे कहा कि जो परीक्षाएं पहले स्थगित की गई थीं, वे भी रद्द रहेंगी। नोटिस में कहा गया कि एक मार्च, तीन मार्च, पांच मार्च, सात मार्च और नौ मार्च को पहले स्थगित की गई परीक्षाएं भी रद्द मानी जाएंगी।
सीबीएसई ने कहा कि इन खाड़ी देशों के छात्रों के लिए परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।
इससे पहले, नौ मार्च को जारी एक आदेश में बोर्ड ने परीक्षाओं को लेकर छात्रों के मानसिक तनाव और क्षेत्र में व्याप्त अनिश्चितताओं का हवाला देते हुए 12 मार्च की परीक्षा को 16 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया था।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन पर अंतिम निर्णय लेने से पहले 14 मार्च को स्थिति की एक बार फिर से समीक्षा की जाएगी।
