इंदौर:शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है. जिसके चलते अब शहर के चारों जोन में 12 विशेष पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमें लगातार सड़कों पर निगरानी रखेंगी. इन टीमों का मुख्य फोकस व्यस्त बाजारों और प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग हटाकर यातायात को सुगम बनाना रहेगा.
शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है.
इसके तहत चार विशेष पेट्रोलिंग टीमों के साथ आठ बैकअप व्हील लॉक टीमें गठित की गई हैं, जो शहर के अलग-अलग जोन में लगातार निगरानी और कार्रवाई करेंगी. शनिवार को पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने यातायात प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों के कार्यों की समीक्षा की. बैठक में अतिरिक्त डीसीपी, एसीपी और विभिन्न यातायात थानों के प्रभारी मौजूद थे.
चारों जोन में दो-दो पेट्रोलिंग/व्हील लॉक टीमें बनाईं
नई व्यवस्था के तहत शहर के चारों जोन में दो-दो पेट्रोलिंग/व्हील लॉक टीमें तैनात की गई हैं. प्रत्येक टीम में चार-चार पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहेंगे, जो अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और नियम उल्लंघन की स्थिति पर नजर रखेंगे. पेट्रोलिंग के दौरान टीमें मुख्य मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पीए सिस्टम, बॉडी वॉर्न कैमरा, क्रेन, सपोर्ट वाहन, व्हील लॉक और पीओएस मशीन की मदद से कार्रवाई करेंगी. सड़क किनारे या फुटपाथ पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी.
टीमों द्वारा दी जा रही नियमों के पालन की समझाइश
यातायात पुलिस पहले वाहन चालकों को समझाइश देकर नियमों का पालन करने के लिए कह रही है. इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर वाहनों में व्हील लॉक लगाने या क्रेन से हटाने की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पीए सिस्टम के माध्यम से नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की जा रही है
