कलेक्टर-एसपी पहुंचे शहपुरा, ओवर ब्रिज के सुधार कार्य का निरीक्षण कर दिए निर्देश 

जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत जबलपुर-हिरण नदी मार्ग खंड पर शहपुरा के समीप स्थित रेल ओवर ब्रिज की क्षतिग्रस्त हुई रेटेनिंग वाल के सुधार कार्य का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी इस मौके पर उनके साथ थे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रिटेनिंग वाल के सुधार कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा कार्य में गति लाने और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को दिये। ताकि, जबलपुर से भोपाल आने-जाने का रास्ता पुनः शुरू किया जा सके। इस अवसर पर बताया गया कि वर्तमान में रेल ओवर ब्रिज के ए-2 साइड के तरफ आरई वॉल पैनल्स को हटा कर फिलिंग मटेरियल रिमूव करके ग्राउंड इंप्रूवमेंट (स्टोन कॉलम) का कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर ने आरओबी के ए-1 साइड पर सुरक्षा की दृष्टि से डायवर्ज़न रोड को दुरुस्त करने निर्देश भी निरीक्षण में दिए।

शहपुरा मंडी के आसपास हटेंगे अतिक्रमण

कलेक्टर ने फिलहाल जबलपुर से भोपाल आने-जाने के लिए चिन्हित वैकल्पिक मार्ग शहपुरा कृषि उपज मंडी प्रांगण से कैथरा फाटक के आसपास के अतिक्रमण और मार्ग में आने वाली बाधाओं को हटाने के निर्देश एसडीएम शहपुरा को दिये। थाना प्रभारी को भी निर्देशित किया गया कि वन वे रूट से वाहनों का आवागमन चालू कराएं, ताकि जाम न लगे। उन्‍होंने सीएमओ नगर परिषद से कहा कि इस मार्ग पर कचरा एवं पानी के पाउच फेंकने वाले दुकानदारों पर फाइन लगाएं।

रसोई गैस वितरण व्‍यवस्‍था का भी लिया जायजा

कलेक्‍टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शहपुरा आरओबी की रिटेनिंग वाल के सुधार कार्य का निरीक्षण करने के साथ ही शहपुरा में गैस वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा संबंधितों को निर्देशित किया कि गैस की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित न हो। घरेलू एलपीजी गैस के कमर्शियल उपयोग पर सख्‍ती से रोक लगाई जाये और यदि कोई उपयोग करता पाया जाए तो उस पर कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Next Post

यातायात नियम तोड़ने वाले चालकों के कटे चालान

Sat Mar 14 , 2026
जबलपुर। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। आम मार्गों पर अस्थायी अतिक्रमण हटाकर सड़क व्यवस्था को सुगम बनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में विशेष अभियान […]

You May Like