रांची, 14 मार्च (वार्ता) झारखंड के हजारीबाग जिले के चरही इलाके में एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों नें बताया कि एक दुर्घटना तब हुई जब तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर ने सबसे पहले एक ऑटो को टक्कर मारी, फिर हजारीबाग की ओर से आ रही ‘सागर’ नाम के बस को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रेलर ने एक 407 वाहन को टक्कर मारते हुए फल और पान की गुमटी में घुस गया।
इस दौरान फल दुकान के विक्रेता उदय सिंह (27 वर्ष, पिता सूरज सिंह) ट्रेलर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं दूसरे मृतक की पहचान आदित्य सिंह के रूप में हुई है, जो चरही का ही निवासी था। हादसे में कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
चरही पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ घायलों का इलाज रामगढ़ और मांडू के अस्पतालों में भी चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम पुलिस ने किया, जबकि यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य भेजा गया।
चरही थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के क्रम और कारणों की जांच की जा रही है। घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
