
भोपाल। सोशल मीडिया पर कुंभ गर्ल के नाम से शोहरत बटोरने वाली महेश्वर की मोनालिसा भोंसले की शादी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर जहां मोनालिसा और उनके पति फरमान खान इस विवाह को प्रेम विवाह बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर परिवार ने इसे धोखे से किया गया संबंध बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने अब सामाजिक और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है।
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से अपनी बेटी को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया गया और यह लव जिहाद का मामला है। जयसिंह भोंसले ने बताया कि जब वे अपनी बेटी से मिलने के लिए वहां पहुंचे तो उन्हें वहां से भगा दिया गया। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि उनकी बेटी फिल्मों में काम कर आगे बड़ा नाम कमाएगी, लेकिन घटनाक्रम ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया।
इस घटना क्रम के बाद महेश्वर में मोनालिसा के घर पर सन्नाटा पसरा है। उनके चाचा विजय भोंसले और चाची ऐशामालिनी का कहना है कि परिवार मोनालिसा को बेटी की तरह स्वीकार करता है, लेकिन यदि वह अकेले घर लौटती है तभी उसे अपनाया जाएगा। फरमान खान के साथ आने पर परिवार उसे स्वीकार नहीं करेगा।
वहीं केरल में मोनालिसा और फरमान खान ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि यह उनका स्वेच्छा से किया गया विवाह है और इसमें किसी प्रकार का दबाव या धर्म परिवर्तन नहीं हुआ है। फिलहाल इस मामले में पिता की शिकायत और परिवार की आपत्ति के बाद अब राज्य के शासन- प्रशासन के कदमों पर लोगों की टकटकी लगी है।
