ग्वालियर : ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने मध्य प्रदेश के किसानों के कल्याण हेतु भारत सरकार द्वारा लिए गए दो महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान काआभार व्यक्त किया है।सांसद कुशवाह ने बताया कि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने रबी विपणन सत्र 2025-26 के लिए सरसों की खरीद पर भावांतर भुगतान को स्वीकृति दी है।
इस निर्णय से सरसों उत्पादक किसानों को राहत मिलेगी और राज्य सरकार द्वारा किसानों से किए गए वादों के समयबद्ध पालन का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके साथ ही, खरीफ विपणन सत्र 2025-26 के लिए ‘प्राइस सपोर्ट स्कीम’ के अंतर्गत तुअर (अरहर) की शत-प्रतिशत सरकारी खरीद को भी स्वीकृति दी है। इस निर्णय के बाद तुअर उगाने वाले मध्यप्रदेश के किसानों को उनकी उपज का पूर्ण सरकारी उपार्जन सुनिश्चित होगा, जिससे उन्हें बाज़ार में भाव गिरने का जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा और आय में स्थिरता आएगी।
सांसद भारत सिंह ने कहा कि ये दोनों निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘किसान कल्याण’ के संकल्प को सिद्ध करते हैं। सरसों और तुअर की सुचारू खरीदी सुनिश्चित होने से हमारे क्षेत्र के अन्नदाताओं को उनकी उपज का सही दाम मिलेगा। उन्होंने इन किसान-हितैषी फैसलों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का ग्वालियर संसदीय क्षेत्र की समस्त जनता और किसान भाइयों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया है।
