
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र विधायक संजय पाठक का निर्वाचन क्षेत्र है, जहां कई आरोपों की वजह से गरीबों, आदिवासी समुदायों और किसानों के बीच चिंता पैदा कर दी है। उन्होंने कहा कि जनता इन मामलों पर सरकार से स्पष्टता चाहती है।
पटवारी ने पूछा कि क्या यह सही है कि विधानसभा में दिए गए एक आधिकारिक जवाब के अनुसार पाठक परिवार से जुड़ी कंपनियों पर करीब 443 करोड़ रुपये की वसूली लंबित है और यदि ऐसा है तो यह राशि कब तक वसूल की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट करने को कहा कि क्या लगभग 1,143 एकड़ जमीन आदिवासी परिवारों के नाम पर बेनामी तरीके से खरीदी गई है। इसके अलावा करीब 309 एकड़ जमीन निवेशकों के धन से खरीदने और कटनी की इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट योजना क्रमांक-15 के तहत 311 परिवारों के लिए आवंटित जमीन पर अवैध कब्जे के आरोपों पर भी सवाल उठाए गए।
पटवारी ने इन सभी मामलों पर पारदर्शी जवाब देने और आरोप सही पाए जाने पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
