इस्लामाबाद की इमामबारगाह में विस्फोट से 31 मरे , 170 घायल

इस्लामाबाद की इमामबारगाह में विस्फोट से 31 मरे , 170 घायल

इस्लामाबाद, 06 फरवरी (वार्ता) पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक इमामबारगाह में शुक्रवार को नमाज के दौरान हुए जोरदार बम धमाके में कम से 31 लोगों की मौत हो गयी और 170 अन्य घायल हो गए। इस्लामाबाद के डिप्टी कमिश्नर इरफ़ान नवाज़ मेमन ने हताहतों की पुष्टि करते हुए कहा कि यह धमाका इस्लामाबाद के शहज़ाद टाउन इलाके में स्थित एक इमामबारागाह में हुआ। घायलों की संख्या को देखते हुए अधिकारियों ने आस-पास के सभी बड़े अस्पतालों में इमरजेंसी लगा दी।उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज इस्लामाबाद और पास के रावलपिंडी शहर के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है और मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि घायलों में से कई लोगों की हालत गंभीर है।

धमाके के बाद, सुरक्षा बलों, पुलिस और बचाव टीमों ने घटनास्थल को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अधिकारी धमाके के प्रकार की जांच कर रहे हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, एक आत्मघाती हमलावर ने मस्जिद के गेट पर रोके जाने के बाद खुद को उड़ा लिया, जिससे लोग हताहत हुए और मस्जिद और आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। इस घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी व्यक्ति या समूह ने तुरंत इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पाकिस्तानी तालिबान और इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकवादी समूह देश में नागरिकों और सुरक्षा बलों पर हमलों में अक्सर शामिल रहते हैं। धमाके की निंदा करते हुए, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने धमाके में निर्दोष लोगों की मौत पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

Next Post

चीन ने कृत्रिम सूर्य में 1300 से अधिक सेकेंड तक प्लाज्मा प्रवाह बनाये रखकर रचा इतिहास

Fri Feb 6 , 2026
शंघाई, 06 फरवरी (वार्ता) चीन के शंघाई शहर में स्थित स्टार्टअप एनर्जी सिंगुलैरिटी ने घोषणा की है कि उसके एचएच70 उच्च तापमान सुपरकंडक्टिंग (एचटीएस) टोकामक (कृत्रिम सूर्य) ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस नाभिकीय संलयन उपकरण ने 1,337 सेकंड तक निरंतर, लंबी अवधि के प्लाज्मा प्रवाह को बनाए […]

You May Like

मनोरंजन