देशभर की 25 महिला बाइकर्स पहुंचीं ग्वालियर, हुआ स्वागत

ग्वालियर । प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश दुनिया में प्रचारित करने के लिए निकली क्वींस ऑन द व्हील्स आज ग्वालियर पहुंची। ग्वालियर में महिला बाइकर्स का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। ग्वालियर में इन महिला बाइकर्स ने मितावली पढ़ावली में पुरातात्विक सहित विश्व प्रसिद्ध ग्वालियर किला का भ्रमण किया। ग्वालियर किले पर एक साथ 25 महिला बाइकर्स को देखकर पर्यटक भी हैरान रह गए। ग्वालियर किले पर सभी राइडर्स ने मानसिंह पैलेस, सास बहू का मंदिर, गुरूद्वारा सहित अन्य पर्यटक स्थलों का भ्रमण किया और लाइट एंड साउंड शो का आनंद लिया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 मार्च को मुख्यमंत्री निवास से ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था । यह 25 महिला बाइकर्स प्रदेश के समृद्ध व ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में प्रचारित करने के उद्देश्य से 7 दिनों में भोपाल से खजुराहो तक लगभग 1,400 किलोमीटर लंबी यात्रा पूरी करेंगी। सांची, उदयगिरि, चंदेरी से होते हुए यह महिला बाइकर्स 10 मार्च को ग्वालियर में पहुंची। ग्वालियर में जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद् एवं मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की टीम द्वारा इनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से मप्र टूरिज्म के क्षेत्रीय प्रबंधक नितिन कटारे, नोडल अधिकारी अनुपम शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। क्वींस ऑन द व्हील्स की महिला बाइकर्स को इन्होंने ग्वालियर पुरातात्विक स्थल एवं पर्यटन स्थल के बारे में विस्तृत से जानकारी दी। भोपाल से शुरू होकर यह 7 दिन की यात्रा सांची, उदयगिरि, चंदेरी, शिवपुरी, कूनो, ग्वालियर, दतिया, ओरछा और खजुराहो से होते हुए वापस भोपाल में 13 मार्च को समाप्त होगी।

*महिला बाइकिंग टूर का नेतृत्व कर रही हैं 62 वर्षीय डॉ. नीता*

बाइक राइडर्स समूह में भोपाल की 8, मुम्बई और नागपुर की 5-5 तथा ग्वालियर, बैंगलोर कोलकाता, पुणे और नोएडा की एक-एक महिला राइडर शामिल है। टीम का नेतृत्व मुंबई की 62 वर्षीय डॉ. नीता कर रही हैं। इस ग्रुप में भोपाल की सारा खान, राजनंदिनी, दिव्या रमन, मयूरी सोनी, दिशा राकेशीय, उन्नति चौरसिया, सेजल कुशवाहा, महक बाथम, ग्वालियर की शबनम बानो शामिल हैं। इनके साथ मुंबई की हेतल उपाध्याय, माधुरी नायक, मधु हेलचल, तनु प्रिया, रिद्धि, बेंगलुरु की सोना प्रियदर्शनी, कोलकाता की सायंती घोष, पुणे की कल्याणी पोटेकर, नागपुर की डॉ. प्रियंका रुक्मणी, रुचिका मेघे, एकता खेते, मैथिली सिंह, पल्लवी देशमुख, नोएडा की डॉ. सुमित और संभाजी नगर (महाराष्ट्र) की कविता जाधव शामिल हैं।

Next Post

हाईकोर्ट भ्रूण मामले में चार सस्पेंड, सुरक्षा में बड़ी चूक उजागर

Tue Mar 10 , 2026
जबलपुर। हाईकोर्ट में सोमवार को याचिकाकर्ता हाईकोर्ट में बच्चे के भ्रूण को लेकर पहुंच गया था । इस मामले में सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही उजागर हुई इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने चार को सस्पेंड कर दिया है। विदित हो कि रीवा लोकसभा के पूर्व उम्मीदवार दया शंकर […]

You May Like