मुंबई, 10 मार्च (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘थामा’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर सोनी मैक्स पर 21 मार्च को होगा। फिल्म थामा, एक अलग शैली की सुपरनैचुरल रोमांस फिल्म है, जो प्रेम को एक नए और अनपेक्षित नजरिए से प्रस्तुत करती है। यह फिल्म भावनाओं, रहस्य और पौराणिक तत्वों को मिलाकर एक गहरी मानवीय कहानी रचती है। क्लासिक ब्यूटी एंड द बीस्ट की पारंपरिक कहानी को नए अंदाज में पेश करते हुए, फिल्म सुंदरता, संवेदनशीलता और ‘बीस्ट’ यानी राक्षसी रूप की अवधारणा को आधुनिक और ताजगी भरे अंदाज से दिखाती है। थामा का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 21 मार्च 2026 को रात आठ बजे सोनी मैक्स पर होगा।
फिल्म थामा के निर्देशक आदित्य सरपोतदार ने बताया कि वह हमेशा से आयुष्मान खुराना के साथ काम करना चाहते थे। उन्होंने कहा, “शुरुआत से ही आयुष्मान मेरी पहली और एकमात्र पसंद थे। आयुष्मान में एक स्वाभाविक भावनात्मक सच्चाई है, जिसकी वजह से दर्शक उनसे तुरंत जुड़ जाते हैं, चाहे कहानी कितनी भी असामान्य या अलग दुनिया की क्यों न हो। हमें ऐसे अभिनेता की जरूरत थी जो इस अनोखी और कल्पनात्मक कहानी को सच्चाई और गहराई के साथ जमीन से जोड़ सके, और वह यह काम बहुत सहजता से करते हैं। उनकी खासियत यह है कि वे असाधारण चीजों को भी दर्शकों के लिए सहज और अपनापन भरा बना देते हैं। शायद यही वजह रही कि उन्हें इस फिल्म के लिए मनाना आसान था। मुझे सच में लगता है कि वह इस सुपरनैचुरल रोमांस में एक अलग ही गर्मजोशी और विश्वसनीयता लेकर आते हैं।”
फिल्म थामा में आयुष्मान खुराना ने आलोक गोयल का किरदार निभाया है, जो शहर का एक पत्रकार है। उसकी सामान्य और व्यवस्थित जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है जब उसे तड़ाका/तारिका से प्यार हो जाता है, जिसका किरदार रश्मिका मंदाना ने निभाया है। फिल्म थामा मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की पांचवीं इंस्टालमेंट है। इससे पहले इस यूनिवर्स में स्त्री, रूही, भेड़िया, मुंज्या और स्त्री 2 जैसी फिल्में आ चुकी हैं। इस फिल्म में नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी, परेश रावल और सत्यराज की भी अहम भूमिकायें हैं।

