इंदौर: बदमाशों पर सख्ती के बीच पुलिस महकमे का एक विवादित मामला सामने आया है. परदेशीपुरा थाने के एक हेड कॉन्स्टेबल के जन्मदिन पर संयोगितागंज क्षेत्र के आपराधिक रिकॉर्ड वाले युवकों के साथ फोटोशूट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है.जानकारी के अनुसार परदेशीपुरा थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार का बुधवार को जन्मदिन था.
इस दौरान संयोगितागंज क्षेत्र के बदमाश अक्रात बोयत, उसका जुड़वां भाई आयुष बोयत और चाचा विकास बोयत उनसे मिलने पहुंचे. तीनों ने हेड कॉन्स्टेबल को गुलदस्ता भेंट किया और साथ में फोटोशूट भी कराया. कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा का विषय बन गया. बताया जा रहा है कि अक्रात और आयुष बोयत के खिलाफ संयोगितागंज थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं.
इनके पिता दीनू बोयत पर भी संयोगितागंज समेत अन्य थानों में गंभीर अपराध दर्ज हैं और वह थाने के हिस्ट्रीशीटर बताए जाते हैं. वहीं परिवार का सदस्य विकास बोयत भी नशाखोरी सहित अन्य मामलों में आरोपी रहा है. सूत्रों के मुताबिक अक्रात बोयत हाल ही में एक गंभीर मामले में जेल भी जा चुका है. जेल से छूटने के बाद उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था. हेड कॉन्स्टेबल के जन्मदिन का वीडियो वायरल होने के बाद अक्रात ने इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से हटा दिया. मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है, जानकारी जुटाई जा रही है, जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
