
जबलपुर। शहपुरा थाना अंतर्गत जबलपुर भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 45 पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में पत्नी की मौत हो गई जबकि पति घायल हो गया। इसके अलावा दूसरी बाइक में सवार तीन युवक भी घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी पहुंच गए और कार्रवाई का अश्वासन दिया। जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। चक्काजाम के चलते वाहनों की लंबी कतारें लगी थी। काफी देर रात एनएच में ट्रैफिक बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक उमरिया सुरई गांव निवासी गणेश सेन 48 वर्ष अपनी पत्नी विनीता सेन 42 वर्ष को मोटर सायकिल से लेकर शहपुरा की ओर जा रहे थे तभी पीछे से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी टक्कर के साथ ही विनीता सडक़ पर गिरी। उसके सिर में गंभीर चोटें आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गणेश को भी चोटें आ गई । टक्कर मारने वाली दूसरी बाइक में सवार तीन युवक भी घायल हो गए । हादसे के बाद आक्रोशितजनों ने शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया उनका कहना रहा कि आए दिन हादसे हो रहे है लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे है उन्होंने कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। प्रदर्शन के चलते दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। सूचना पर शहपुरा पुलिस और आला अधिकारी पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। प्रदर्शनकारी जैसे-तैसे माने और फिर वहां से हटे। जिसके बाद शव पीएम के लिए भेजा गया।
