फरवरी में यातायात विभाग ने की 3280 वाहनों पर कार्रवाई

इंदौर: शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा नो पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. जिसके तहत फरवरी माह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध पार्किंग करने वाले 3280 वाहनों पर कार्रवाई की गई. इस दौरान पेट्रोलिंग टीमों ने लगातार भ्रमण कर व्हील लॉक और क्रेन की मदद से चालानी कार्रवाई की.पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में शहर के चारों यातायात जोन में विशेष पेट्रोलिंग टीमों का गठन कर कार्रवाई की जा रही है.

इन टीमों का मुख्य उद्देश्य शहर के व्यस्ततम मार्गों, प्रमुख बाजारों और यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में अव्यवस्थित व अवैध पार्किंग पर नियंत्रण कर यातायात को सुगम बनाना है. जिसके तहत फरवरी माह के दौरान सभी पेट्रोलिंग टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर यातायात दबाव वाले स्थानों का निरीक्षण किया. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्हील लॉक लगाकर और क्रेन की मदद से वाहनों को हटाते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई.
यातायात जोन-1 में कालानी नगर, एयरपोर्ट रोड, बड़ा गणपति से गौराकुंड, इमली बाजार, अंतिम चौराहा और मरीमाता से बाणगंगा तक कार्रवाई की गई. जबकि जोन-2 में मालवामिल से पाटनीपुरा, भमोरी, एलआईजी, रसोमा, मेदांता रोड और विजयनगर क्षेत्र में अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई हुई. इसी तरह जोन-3 में जेल रोड, एमटीएच, आरएनटी मार्ग, एमजी रोड, व्हाइट चर्च से दवा बाजार, मधुमिलन, जंजीरवाला, पलासिया से व्हाइट चर्च और घंटाघर से गीताभवन मार्ग के दोनों ओर कार्रवाई की गई. जबकि जोन-4 में सपना संगीता, टॉवर चौराहा से खातीवाला टैंक, सिंधी कॉलोनी, राजवाड़ा क्षेत्र, जवाहर मार्ग, खजूरी बाजार, सराफा और भंवरकुआ से भोलाराम उस्ताद मार्ग तक विशेष अभियान चलाया गया था.

पहले समझाइश और चेतावनी, फिर कार्रवाई
सभी जगह की गई कार्रवाई के दौरान पेट्रोलिंग टीमों ने पीए सिस्टम, बॉडी वॉर्न कैमरा, क्रेन व सपोर्ट वाहन, व्हील लॉक और पीओएस मशीन की मदद से कार्रवाई की. कई स्थानों पर हजारों वाहन चालकों को एनाउंसमेंट कर वाहन हटाने के लिए भी कहा गया. यातायात पुलिस पहले वाहन चालकों को समझाइश और चेतावनी देती है, इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जाती है. यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. आगामी दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पेट्रोलिंग के साथ सख्त कार्रवाई की जाएगी

Next Post

कोदरिया में आलू चिप्स के 3 अवैध कारखाने सील

Fri Mar 6 , 2026
महू: कोदरिया क्षेत्र में आलू चिप्स कारखानों से निकलने वाले जहरीले पानी और प्रदूषण को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है. गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे महू एसडीएम राकेश परमार के नेतृत्व में एक प्रशासनिक दल कोदरिया गांव पहुंचा और वहां संचालित चिप्स कारखानों की जांच की.टीम ने क्षेत्र के […]

You May Like