मुंबई, 05 मार्च (वार्ता) महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव के लिए विपक्षी महा विकास अघाड़ी गठबंधन की ओर से उम्मीदवार दिग्गज नेता शरद पवार निर्विरोध चुन लिये गये हैं।
स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण श्री शरद पवार व्यक्तिगत रूप से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके। बाद में हालांकि ‘एक्स’ पर साझा संदेश में श्री पवार ने अपनी लंबी राजनीतिक यात्रा पर विचार किया और महाराष्ट्र की जनता का आभार जताया।
उन्होंने लिखा कि बतौर जन-प्रतिनिधि उनकी यात्रा 1967 में शुरू हुई थी और तब से बिना किसी बाधा अब भी जारी है। उनके अनुसार, यह लंबा राजनीतिक करियर केवल उनका नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के लोगों का है, जिनके विश्वास और समर्थन ने उन्हें बिना ब्रेक के अपनी संसदीय यात्रा जारी रखने की अनुमति दी।
श्री शरद पवार पहली बार 1967 में महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने गये थे। इन वर्षों में उन्होंने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में कई जिम्मेदारियां निभायीं। उन्होंने राज्य में मंत्री, मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता सहित विभिन्न भूमिकाओं में कार्य किया। राष्ट्रीय स्तर पर वह रक्षा मंत्री और बाद में दस वर्षों तक केंद्रीय कृषि मंत्री रहे। उन्होंने लिखा कि इन जिम्मेदारियों को निभाते समय, उन्होंने हमेशा महाराष्ट्र के साथ-साथ देश के लिए भी सकारात्मक रूप से काम करने का प्रयास किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोगों का विश्वास ही उनके सार्वजनिक जीवन में हमेशा शक्ति का सबसे बड़ा स्रोत बना रहा।
वयोवृद्ध नेता ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने उन्हें अगले छह वर्षों तक सेवा करने का अवसर देकर एक बार फिर उन पर अटूट विश्वास जताया है। उन्होंने महाराष्ट्र के नागरिकों और उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले सभी सहयोगी दलों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
श्री पवार ने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों से उन्हें जो स्नेह, विश्वास और समर्थन मिला है, वही उनके जीवन में ऊर्जा का असली स्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें जीवन भर महाराष्ट्र के विकास और प्रगति के लिए काम करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम करना जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल आराम करने की सलाह दी है, यही कारण है कि वह व्यक्तिगत रूप से लोगों से नहीं मिल सके। संदेश के जरिये उन्होंने कहा कि वह जनता के प्रति अपनी भावनाओं और कृतज्ञता को व्यक्त करना चाहते हैं।
