शहर ने खेली महादेव की होली, आसमान हुआ गुलाबी

सीहोर। गुरुवार को पूरा शहर महादेव की भक्ति और गुलाल में सराबोर नजर आया. अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के आव्हान पर नगर में भव्य ‘महादेव की होली का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया. शहर का आसमान गुलाल के रंगों से रंगीन हो गया और हर ओर हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे.

गौरतलब है कि जिले में पांच दिवसीय रंगपर्व मनाया जाता है. होलिका दहन के अगले दिन अनराव की होली होती है तो उसके अगले दिन और अधिक रंग होता है. माना जाता है कि भोपाल नवाब इस दिन रंग खेलने सीहोर आते थे. कई दशकों से यह परंपरा चली आ रही थी, लेकिन विगत कुछ वर्षों से अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा ने इस परंपरा को बदल दिया है. उन्होंने धुलेंडी के अगले दिन होने वाली होली को महादेव की होली में परिवर्तित कर दिया है. इसके बाद से आयोजन काफी विशाल व भव्यता के साथ मनने लगा है. गुरुवारको भी महादेव की होली का शुभारंभ नगरपालिका कार्यालय के समीप स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर से हुआ. यहां से विशाल शोभायात्रा के रूप में होली उत्सव प्रारंभ हुआ, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु ही नहीं मथुरा, वृंदावन, दिल्ली, छत्तीसगढ़, राजस्थान और महाराष्ट्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए. महादेव की होली आयोजन में भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला. श्रद्धालु एक-दूसरे को गुलाल लगाकर महादेव की होली की शुभकामनाएं देते नजर आए.

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वे खुले वाहन में सवार होकर श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए गुलाल बरसा रहे थे. जैसे ही उनका वाहन आगे बढ़ता, श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयघोष के साथ गुलाल उड़ाकर उनका स्वागत करते. पूरे मार्ग में भक्तों ने फूलों और रंगों से उनका अभिनंदन किया.

होली उत्सव के दौरान आदिवासी कलाकारों का पारंपरिक नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. ढोल, ताशेे और डीजे की धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए. पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने अपने नृत्य से माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया. इसके साथ ही विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियों ने भी आयोजन की शोभा बढ़ाई. इन झांकियों में भगवान शिव और पार्वती के स्वरूप, शिव बारात और अन्य धार्मिक प्रसंगों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए लोग उत्साहित दिखाई दिए.

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह भव्य होली उत्सव आगे बढ़ता रहा. श्रद्धालुओं द्वारा सौ क्विंटल से अधिक गुलाल उड़ाया गया, जिससे पूरा वातावरण रंगमय हो गया. छतों और बालकनियों से भी नागरिकों ने गुलाल और फूलों की वर्षा कर इस आयोजन का स्वागत किया. महादेव की होली को लेकर शहर में सुबह से ही उत्साह का माहौल था. बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हुए. सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया. धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और सामाजिक एकता के इस अनूठे संगम ने ‘महादेव की होलीÓ को यादगार बना दिया. पूरे शहर में दिनभर रंग, भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहार श्रद्धालु महादेव की भक्ति में सराबोर होकर इस अनोखे उत्सव का आनंद लेते नजर आए.

आष्टा में धुलेंडी पर निकली गेर, जमकर उड़ा रंग- गुलाल

महादेव की होली प्रारंभ होने से पूर्व कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने नवभारत से चर्चा में कहा कि पहले सीवन नदी किनारे होली खेली जाती थी। नबाव साहब ने इसे बंद करा दिया था, अब हमने फिर से इसकी शुरूआत की है. उन्होंने कहा भगवान शिव के स्वरूप को सब जानें कि उनकी भक्ति का रंग अजर-अमर है. इन दिनों इजराइल-अमेरिका, ईरान में चल रहे युद्ध पर भी कथावाचक ने कहा कि किसी न किसी कारण से देश बर्बाद हो रहे हैं. सारे राष्ट्र में अब शांति हो यह युद्ध अब समाप्त होना चाहिए. सब पर बाबा देवाधिदेव महादेव की कृपा बनी रहे. भारत का एक-एक नागरिक प्रार्थना करता है कि सभी जगह पर शांति स्थापित हो.

शाहगंज में भी जमकर उड़ा रंग- गुलाल

शाहगंज. नगर में रंग एवं गुलाल का त्योहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. हुरियारों ने जमकर रंग गुलाल उड़ाया. होली के पावन पर्व पर ग्राम पटेल सुजीत पटेल के यहां से होली का जुलूस प्रारंभ किया गया. जो गमी वाले घरों में पहुंचा जहां सभी लोगों ने परिवार जनों को रंग एवं गुलाल लगाया. होली पर्व पर दिन भर जगह-जगह लोगों द्वारा अपनी अपनी टोलियां बनाकर रंग गुलाल खेला. सुबह से ही डीजे की धुन पर बच्चे एवं युवा चौक चौराहों पर नाचते गाते उत्साह पूर्वक रंग एवं गुलाल का आनंद लेते हुए दिखे. होली के पावन पर्व पर कई लोग रंग से सराबोर दिखे तो वहीं कई लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाइयां दी.

Next Post

दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ता रिहा, शहर अध्यक्ष ने किया स्वागत

Thu Mar 5 , 2026
ग्वालियर। दिल्ली में एआई समिट में भाजपा सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन करने वाले ग्वालियर से भारतीय युवा कांग्रेस के दो नेताओं जितेंद्र यादव एवं राजा गुर्जर को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर उन्हें जेल भेज दिया गया था। जेल से […]

You May Like