राजा भोज एयरपोर्ट पर जल्द मिल सकती है सस्ती चाय-नाश्ते की सुविधा, उड़ान यात्री कैफे का प्रस्ताव भेजा गया

भोपाल। राजधानी के राजा भोज हवाई अड्डे पर यात्रियों को जल्द ही कम कीमत पर चाय और नाश्ता मिल सकता है। इसके लिए यहां उड़ान यात्री कैफे शुरू करने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही एयरपोर्ट परिसर में तय दरों पर भोजन उपलब्ध कराने वाला विशेष फूड काउंटर शुरू किया जाएगा।

एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी के अनुसार नागरिक उड्डयन मंत्रालय की योजना के तहत संचालित होने वाले इस कैफे के लिए एयरपोर्ट का चयन चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। फिलहाल अधिक यात्री संख्या वाले हवाई अड्डों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में इस चरण में देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, इंदौर को शामिल किया गया है, जहां यात्री संख्या भोपाल से अधिक है।

उन्होंने बताया कि भोपाल एयरपोर्ट पर अभी एक लो-कॉस्ट फूड आउटलेट जरूर संचालित हो रहा है, जहां कुछ खाद्य पदार्थ 10 से 20 रुपए में मिल जाते हैं, लेकिन यह आधिकारिक उड़ान यात्री कैफे योजना का हिस्सा नहीं है।

मुख्यालय से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रस्तावित कैफे में चाय, कॉफी, पानी, समोसा, कचोरी, इडली-सांभर और साधारण थाली जैसे खाद्य पदार्थ निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले दो से चार महीनों में मंजूरी मिल सकती है, जिसके बाद भोपाल एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को किफायती भोजन की सुविधा मिलने लगेगी।

Next Post

शोक की वो घड़ी, जो बन गई परंपरा; यहां 100 साल से नहीं खेली गई होली

Thu Mar 5 , 2026
बैतूल। मुलताई क्षेत्र स्थित डहुआ गांव में पिछले लगभग 100 वर्षों से होली नहीं खेली जाती। यहां होली का दिन सामान्य दिनों की तरह शांत वातावरण में गुजरता है। करीब 2100 की आबादी वाले इस गांव में न रंग-गुलाल उड़ता है, न ढोल बजते हैं और न ही उत्सव जैसा […]

You May Like