भिंड: जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिलाव में होली के त्यौहार पर 70 वर्षीय बुजुर्ग रामसिया यादव की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या नशे में की गई वारदात, दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा गांव में की गई पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी गोदन यादव मौके से भागते हुए चिल्ला रहा था कि उसने अपने पिता की हत्या का बदला ले लिया है।
वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि आरोपी ने शराब के नशे में इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस दोनों ही बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।पुलिस के अनुसार रामसिया यादव अपने खेत के पास बीहड़ क्षेत्र में बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान गोदन यादव अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। आरोप है कि गोदन ने रामसिया की कुल्हाड़ी छीन ली और उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते रामसिया यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
