ओडिशा ने बलांगीर, बरगढ़ को नक्सल-मुक्त घोषित किया

भुवनेश्वर 02 मार्च (वार्ता) ओडिशा पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए राज्य के दो पश्चिमी जिलों बलांगीर और बरगढ़ को नक्सल प्रभाव से मुक्त घोषित किया है।

पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया ने आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा की कि बलांगीर और बरगढ़ जिले अब नक्सल-मुक्त हो गये हैं। यह घोषणा उस समय की गई जब बरगढ़ से सटे महासमुंद जिले के 15 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। बताया गया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली बरगढ़–बलांगीर–महासमुंद डिवीजन में सक्रिय थे। उनके मुख्यधारा में लौटने के साथ ही इन दोनों जिलों में नक्सली गतिविधियों के पूरी तरह समाप्त होने की पुष्टि की गई।

श्री खुरानिया ने इस उपलब्धि का श्रेय लंबे समय तक चलाए गए संयुक्त अभियानों की सटीक खुफिया जानकारी, केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों के बीच समन्वित कार्रवाई तथा स्थानीय समुदायों के मजबूत सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता पुलिस बल के साहस, अनुशासन और अटूट प्रतिबद्धता के कारण संभव हो सकी।

उन्होंने अभियान में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने जनता के निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी अभियान तेज किए जाएंगे, ताकि ओडिशा से नक्सलवाद का पूर्ण उन्मूलन सुनिश्चित किया जा सके।

Next Post

नागलवाड़ी किसान कैबिनेट में 27,746 करोड़ के फैसले, 16 योजनाओं को मिली मंजूरी

Mon Mar 2 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में नागलवाड़ी में आयोजित किसान कैबिनेट में किसान कल्याण से जुड़े छह प्रमुख विभागों की 16 योजनाओं पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सरकार ने किसान हित में कुल 27 हजार 746 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की है।बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, […]

You May Like

मनोरंजन