छतरपुर। शहर से लगे ग्रामीण इलाकों में चल रहे अवैध गुटखा कारोबार पर प्रशासन ने फिर सख्त कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत नयागांव में पंचायत भवन के पास एक मकान में संचालित अवैध गुटखा फैक्ट्री पर राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में तैयार गुटखा और मशीनें जब्त की गईं।
जानकारी के मुताबिक, नयागांव निवासी अरुण रिछारिया के मकान में यह अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी, जिसे श्रीनगर निवासी राकेश गुप्ता चला रहा था। मुखबिर की सूचना पर टीम ने दबिश दी तो वहां ‘आशा’, ‘चाचा जी’ और ‘मास्टरजी’ नाम से देशी गुटखा तैयार किया जा रहा था।
मौके से 11 बोरा तैयार तंबाकू युक्त गुटखा, एक पैकिंग मशीन, बड़ी मात्रा में खाली पाउच और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया गया। सभी सामग्री को जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
कार्रवाई के दौरान एसडीओपी अमित मेश्राम, थाना प्रभारी वाल्मिक चौबे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी वंदना जैन मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जब्त गुटखा के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मकान मालिक और संचालक के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने जताई चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे अवैध कारखाने न केवल शासन को राजस्व हानि पहुंचाते हैं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनते हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
