भोपाल। राजधानी के पॉश 45 बंगला क्षेत्र में विधायक प्रीतम लोधी के बंगले में चोरी हो गई. चोर बंगले का ताला तोड़कर अंदर घुसे और एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर सहित नल की टोटियां चोरी कर ले गए. पॉश इलाके में विधायक के बंगले में चोरी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा और गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. शिकायतकर्ता राजेश लोधी, निवासी ई-21, 45 बंगला, टीटी नगर ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से अधिवक्ता हैं. 23 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने ताऊ विधायक प्रीतम लोधी के साथ बंगले पर ताला लगाकर शिवपुरी चले गए थे. इसके बाद 30 सितंबर की रात करीब 11 बजे वापस लौटे. बंगले पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि पीछे की तरफ का ताला टूटा हुआ था. अंदर जाकर देखा तो एक्टिवा क्रमांक एमपी04वाईएफ9346 गायब थी. इसके साथ ही दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां भी नहीं मिलीं. जांच करने पर चोरी की वारदात सामने आई.
दो महीने तक बंद रहा बंगला, पुलिस को भनक तक नहीं
बंगला करीब दो महीने तक बंद रहा. इस दौरान चोरों ने पीछे का ताला तोड़ा और सामान लेकर फरार हो गए. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पॉश और संवेदनशील माने जाने वाले 45 बंगला इलाके में चोरी की वारदात हो गई और सुरक्षा व्यवस्था को इसकी भनक तक नहीं लगी. शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों और संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस चोरी गई एक्टिवा और अन्य सामान की तलाश के साथ वारदात के तरीके की भी जांच कर रही है.
सुरक्षा पर सवाल
सवाल यह है कि जब राजधानी के पॉश इलाके में विधायक के बंगले की सुरक्षा भी चोरों के सामने कमजोर पड़ रही है, तो आम लोगों के घरों की सुरक्षा कितनी पुख्ता है.
