इन्दौर: जिला प्रशासन और नगर निगम ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पास स्थित रेसिडेंसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20 से 30 हजार स्क्वाायर फीट सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया. इस दौरान नगर निगम और पुलिस प्रशासन का भारी अमला मौके पर मौजूद रहा.
एसडीएम जगदीश धनगर ने बताया कि सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल परिसर के पास स्थित रेसिडेंसी एरिया की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से लगभग 25 से 30 हजार स्क्वायर फीट तक कब्जा कर लिया गया था. उक्त जमीन पर मुसाफिरखाना और मस्जिद के नाम पर अतिक्रमण किया गया था. इस मामले को लेकर तहसील न्यायालय में पिछले दो वर्षों से प्रकरण चल रहा था. न्यायालय द्वारा अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया गया था. संबंधित पक्ष द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया.
बाउंड्री वॉल, हाल और शेड हटाए गए
अतिक्रमित भूमि पर बाउंड्री वॉल, एक हाल, तीन शेड और दो अतिरिक्त हाल निर्मित किए गए थे. प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए बाउंड्री वॉल, हाल और कुछ हिस्सों को हटा दिया गया. शेष बचे अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित पक्ष को कुछ समय दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद बाकी बचे अतिक्रमण को भी हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
सैकड़ों अधिकारियों और कर्मचारियों की रही तैनाती
पूरी कार्रवाई के दौरान नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सैकड़ों अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और कार्रवाई सुचारु रूप से संपन्न हो सके
