जबलपुर: कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक में नागरिकों से सभी त्यौहारों को शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। सदस्यों ने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, होली में हानिकारक रंगों व फूहड़ प्रतिमाओं पर रोक लगाने, डीजे पर प्रतिबंध और रमजान के मीना बाजार में महिला पुलिस तैनात करने की मांग की।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्यौहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात होंगे और शांति भंग करने वाले आसामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील भी की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड, और समिति सदस्य कौशल्या गोंटिया, मुकेश राठौर, प्यारे साहब, एम ए रिजवी, साबिर उस्मानी, शरण चौधरी, मो. ताहिर खान, मो. अकबर खान, शाबान मंसूरी उपस्थित थे।
