रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर डबल डेकर पर्यटक बस सेवा शुरू की

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को यहाँ दिल्ली पर्यटन की अत्याधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर राजधानी के पर्यटन क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। दिल्ली अपनी ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ भारत मंडपम, यशोभूमि, नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे आधुनिक प्रतिष्ठानों के कारण वैश्विक स्तर पर नयी पहचान बना रही है। यह बस सेवा पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का समग्र अनुभव प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा , “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ विजन से प्रेरित होकर हमारी सरकार दिल्ली में आधुनिक विकास को गति देने के साथ-साथ अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए समान प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि प्रगति और परंपरा, दोनों साथ-साथ आगे बढ़ें।”उन्होंने आगे कहा कि शून्य-उत्सर्जन आधारित यह डबल डेकर ई-बस प्रधानमंत्री के इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए सतत विकास, हरित परिवहन और स्वच्छ पर्यटन को प्रोत्साहित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था और पैनोरमिक अपर डेक से सुसज्जित यह 63-सीटर बस पर्यटकों को आरामदायक और यादगार यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। साथ ही यह कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस नयी सेवा के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का अद्वितीय अनुभव प्राप्त होगा। इससे राजधानी की स्वच्छ, हरित और गतिशील वैश्विक छवि और अधिक सुदृढ़ होगी।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस का शुभारंभ केवल वाहन की शुरुआत नहीं, बल्कि दिल्ली को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर मजबूती से स्थापित करने की ओर एक कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में पर्यटन के क्षेत्र में विजन और सुविधाओं की कमी व पर्यावरण की अनदेखी, दिल्ली को ट्रांजिट सिटी तक सीमित कर रही थी। अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली अब ‘ट्रांजिट सिटी’ से ‘डेस्टिनेशन सिटी’ बन रही है।

पर्यटन मंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में है जहां 1,200 से अधिक स्मारक मौजूद हैं। यहां प्राचीन सभ्यता से लेकर ब्रिटिश कालीन विरासत और आधुनिक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे तक का अद्वितीय अनुभव एक साथ मिलता है। इसी दृष्टि के साथ दिल्ली में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे वैश्विक आयोजनों की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे टूरिज्म, कॉन्सर्ट इकोनॉमी, लाइव एंटरटेनमेंट और क्रिएटर इकोनॉमी को नयी गति मिलेगी। आने वाले समय में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए परिवहन को भी आधुनिक और इलेक्ट्रिक बनाया जाएगा।

दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा हिंदुजा कंपनी के सहयोग से प्रारंभ की गई यह बस पूरी तरह से इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित है। इस विशेष पर्यटन सर्किट का प्रारंभिक स्थल दिल्ली हाट, आईएनए निर्धारित किया गया है, जहां से प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे बस यात्रा आरंभ होगी। निर्धारित मार्ग के अंतर्गत बस विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक, नेशनल म्यूजियम, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नेशनल वॉर मेमोरियल और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थलों से होकर दोबारा दिल्ली हाट, आईएनए पर आकर समाप्त होगी। यह सर्किट पर्यटकों को दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का सुव्यवस्थित एवं आरामदायक अनुभव प्रदान करेगा। इस बस का किराया 500 रुपये के साथ 5 प्रतिशत जीएसटी भी जोड़ा गया है। पांच से दस वर्ष तक के बच्चे का किराया 300 रुपये और 5 प्रतिशत जीएसटी भी होगा। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे इस बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इस बस की बुकिंग दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.दिल्लीटूरिज्म. जीओवी. इन के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है।

Next Post

सुप्रीम कोर्ट ने मोदी और शाह पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करने वाले वकील को फटकार लगाई

Fri Feb 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता) उच्चतम न्यायालय नेनागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करने वाले एक वकील की फटकार लगायी है। न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने शुक्रवार को इस मामले में सुनवाई के दौरान चेतावनी […]

You May Like

मनोरंजन