
सीधी। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपने सीधी जिले के प्रवास के दौरान आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र चमराडोल पहुँचकर बैगा समुदाय के ओम प्रकाश बैगा के परिवार से आत्मीय संवाद किया और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जाना। राज्यपाल ने ओम प्रकाश बैगा को प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पक्का आवास मिलने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में स्थिरता और सुरक्षा लाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। संवाद के दौरान परिवार ने बताया कि उन्हें शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओ का सीधा लाभ मिल रहा है क्षेत्र में बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने ओम प्रकाश बैगा के बच्चों के साथ विशेष रूप से संवाद किया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भविष्य के निर्माण में शिक्षा का सर्वाधिक महत्व है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षित होकर ही बच्चे समाज की मुख्यधारा से जुडक़र अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूकता के साथ शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए उन्हें नियमित स्कूल भेजें। राज्यपाल ने ओम प्रकाश के बच्चों शिवानी, शिवम और पुष्पेन्द्र से विशेष रूप से मुलाकात कर बच्चों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने बच्चों से कहा कि अपने सपनों को साकार करने के लिए शिक्षा के प्रति प्रतिबद्ध रहना आवश्क है। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने और आगे बढऩे का प्रोत्साहन दिया। शिक्षा के साथ-साथ राज्यपाल ने नैतिक मूल्यों पर भी जोर दिया। उन्होंने बच्चों को समझाते हुए कहा कि जीवन में कितनी भी ऊँचाई प्राप्त कर लें, लेकिन माता-पिता की सेवा करना सदैव आपका प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद से ही जीवन की कठिन राहें आसान होती हैं और व्यक्ति संस्कारवान होता है। इस अवसर कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।
