भोपाल: सीएम डॉ मोहन यादव ने राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित द ऑरियम रिसॉर्ट्स एंड इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट में भाग लेकर मध्यप्रदेश में निवेश की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया और उद्योग जगत को सरल नीतियों व पारदर्शी व्यवस्था का भरोसा दिलाया।मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा कि मध्यप्रदेश सरकार राजस्थान के व्यापार-व्यवसाय में सक्रिय सभी सिद्धहस्त उद्यमियों का अभिनंदन करती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच भाईचारे का गहरा संबंध है और यह संबंध आर्थिक सहयोग के नए आयाम स्थापित करेगा।
सीएम डॉ. यादव ने मेवाड़ की व्यावसायिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोगों में अद्भुत व्यावसायिक कौशल है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अवसर तलाश लेते हैं। उन्होंने उद्योगपतियों को देश की आर्थिक समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान के लिए बधाई देते हुए कहा कि आपके माध्यम से हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है और राष्ट्र की प्रगति को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्यों के बीच संबंध अधिक सौहार्दपूर्ण हुए हैं और देशभक्ति की भावना के साथ विकास की नई दिशा तय हो रही है। मध्यप्रदेश को नदियों का मायका बताते हुए उन्होंने कहा कि संसाधनों के साझे उपयोग से क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने व्यापार को सरल बनाने के लिए बनाई गई नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नियमों का सरलीकरण, पारदर्शिता और स्पष्टता सुनिश्चित कर निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, ताकि किसी प्रकार का व्यवधान न हो।कार्यक्रम में मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सचिव आरके जैन ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र, पगड़ी और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। सेशन में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, प्रमुख औद्योगिक समूहों और निवेशकों की सक्रिय भागीदारी रही।
