मुंबई, 25 फरवरी (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को चार पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 90.91 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 5.50 पैसे टूटकर 90.95 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपया आज एक पैसे की बढ़त में 90.94 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और दिन भर बेहद सीमित दायरे में रहा। यह ऊपर 90.88 रुपये और नीचे 90.95 रुपये प्रति डॉलर तक गया।
कारोबारियों ने बताया कि विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार में पैसा लगाने से रुपये को मजबूती मिली है। हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में रही तेजी और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम करीब एक प्रतिशत बढ़ने से भारतीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही।
