छतरपुर। छतरपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी द्वारा एक पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़े जाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। यह घटना उस समय की बताई जा रही है, जब भाजयुमो कार्यकर्ता छत्रसाल चौराहे पर राहुल गांधी का पुतला दहन करने पहुंचे थे। वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, नीरज चतुर्वेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुतला दहन के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतला छीनने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में नीरज चतुर्वेदी एक पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। उस समय मौके पर शहर के कई थानों का पुलिस बल, ट्रैफिक टीआई और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि वर्दी पर हाथ डालने के मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है। हालांकि, इस मामले में नीरज चतुर्वेदी ने सफाई देते हुए कहा कि वे और उनके कार्यकर्ता पुलिस का सम्मान करते हैं। उनके अनुसार, भीड़ अधिक होने के कारण अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी और किसी के गिरने से बचाने के दौरान अनजाने में पुलिसकर्मी की वर्दी हाथ में आ गई।
गौरतलब है कि जिले में पहले भी राजनीतिक प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की घटनाएं सामने आती रही हैं।
