
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में सामाजिक माध्यम विभाग की राज्यस्तरीय बैठक “नव संचार 2026” का आयोजन किया। बैठक में प्रदेशभर से सामाजिक माध्यम पदाधिकारी, जिला एवं विधानसभा स्तर के कार्यकर्ता शामिल हुए। इसका उद्देश्य संगठन की डिजिटल पहुँच को सशक्त बनाना तथा जनसरोकार के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाना रहा।
बैठक को वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया, जिनमें हरीश चौधरी, जीतू पटवारी), उमंग सिंगार, सुप्रिया श्रीनेत, कुणाल चौधरी और रुचिरा चतुर्वेदी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने जनहित के मुद्दों और कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए संगठित एवं अनुशासित डिजिटल अभियान चलाने पर बल दिया।
बैठक में आगामी तीन माह की कार्ययोजना, जिला एवं विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने, सामग्री नियोजन, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने तथा चलचित्र और चित्रमय प्रस्तुति के माध्यम से जनसमस्याओं को उठाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कथित दुष्प्रचार का तथ्यात्मक और रचनात्मक तरीके से जवाब देने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
सुप्रिया श्रीनेत ने भारतीय जनता पार्टी की सामाजिक माध्यम कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कार्यकर्ताओं से तथ्याधारित अभियान चलाने का आह्वान किया। हरीश चौधरी ने राजनीतिक संचार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। जीतू पटवारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए जनआवाज को डिजिटल माध्यमों पर बुलंद करने की बात कही, जबकि उमंग सिंगार ने सामाजिक माध्यम को लोकतंत्र का सशक्त मंच बताया। बैठक के अंत में “नव संचार 2026” के अंतर्गत प्रभावी डिजिटल अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।
