लाड़कुई में आदिवासी युवती ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर; भोपाल रेफर

सीहोर। सीहोर जिले के लाड़कुई गांव में आज 26 वर्षीय एक आदिवासी युवती ने कथित रूप से स्वयं पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी युवती को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर लाड़कुई गांव में अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब विनीता पति सुनील ऊईके ने कस्बे के बीच खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। घटना होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और गीले कपड़ों की मदद से आग बुझाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 की सहायता से युवती को भैरूंदा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवती का शरीर काफी हद तक झुलस गया है। हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

एसडीओपी रोशन जैन के अनुसार युवती पिछले दो महीनों से अपने मायके लाड़कुई में रह रही थी, जबकि उसका ससुराल गोंडी गुराडिया गांव में है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर युवती के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जानकारी में उसने किसी को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। गांव में घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल है।

Next Post

भारत-अमेरिका ट्रेड डील: प्रधानमंत्री ने देश पर थोपा समझौता: सुप्रिया श्रीनेत 

Sun Feb 22 , 2026
भोपाल। कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रस्तावित भारत–अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कहा कि इस समझौते को प्रधानमंत्री द्वारा थोपा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह किसानों, युवाओं, ऊर्जा सुरक्षा और डेटा संप्रभुता […]

You May Like