जबलपुर: खितौला थाना अंतर्गत सकरी मोहल्ला निवासी एक युवक पर उसके ही पुराने दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैपुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सकरी मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय अरविंद चक्रवर्ती की लखराम मोहल्ला निवासी सौरभ कुचबंधिया से करीब एक साल से दोस्ती थी। बीती रात सौरभ ने अरविंद को फोन कर विवाद करने की बात कही और उसे बाजार बुलाया।
जब अरविंद अपने साथी आकाश बिरहा के साथ खितौला बाजार पहुंचा, तो वहां सौरभ नहीं मिला। जब अरविंद और आकाश ढेलाराम मंदिर के पास पहुंचे, तो वहां सौरभ कुचबंधिया और उसके साथी गुरु कुचबंधिया ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने विवाद करते हुए अरविंद और आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सौरभ ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकालकर मार दिया। बीच-बचाव करने आए आकाश के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल अरविंद की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी सौरभ और गुरु कुचबंधिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
