मध्यप्रदेश में है पार्टी का आदर्श संगठन: शिवप्रकाश

भोपाल, 17 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश ने आज कहा कि मध्यप्रदेश का पार्टी संगठन एक आदर्श संगठन है, इसे इस तरह से और मजबूत करें कि वह आगे भी आदर्श संगठन बना रहे। लोकसभा चुनाव जीतने के लिए मध्यप्रदेश में जो प्रयास हुए हैं, वह बहुत अच्छे प्रयास हैं।

भाजपा के यहां स्थित प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित संभाग प्रभारी, लोकसभा संयोजक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारियों की बैठक में लोकसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा की गयी। श्री शिवप्रकाश ने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने काफी अच्छे प्रयास किए। सभी अच्छे प्रयासों की एक रिपोर्ट तैयार की जाए और पार्टी के प्रदेश संगठन को सौंपें, ताकि उस तरह के प्रयास आगे भी किए जा सकें। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में चुनावी सभा में जो कहा था, राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र की जनता ने उसे पूरा करके कांग्रेस प्रत्याशी को अच्छे वोटों से हराया है।

श्री शिवप्रकाश ने कहा कि मध्यप्रदेश में लोकसभा की सभी 29 सीटों पर भाजपा ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है, यह केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और प्रदेश के संगठन की मजबूती और आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संभव हो सका है। लोकसभा चुनाव की समीक्षा के दौरान जो भी सुझाव आ रहे हैं, पार्टी उन पर गंभीरता से विचार करेगी और उनको लेकर पार्टी क्या करना है, उस पर भी कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने देश भर में एक नैरेटिव सेट किया था, जिसको लेकर मध्यप्रदेश में भी विपक्ष ने भाजपा के खिलाफ खूब दुष्प्रचार किया कि 400 सीटें जीतने पर भाजपा संविधान बदल देगी, देशभर में आरक्षण समाप्त कर देगी। लेकिन यहां की जनता ने विपक्ष के मिथ्या आरोपों को पूरी तरह से नकार कर भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलायी है। लेकिन यह विषय अभी समाप्त नहीं हुआ है। कांग्रेस, इंडी गठबंधन और अन्य विपक्षी दल अभी भी भाजपा के खिलाफ इस प्रकार के दुष्प्रचार करेंगे। विपक्षी दलों के दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देना होगा।

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता को वास्तविकता से अवगत कराएं और उन्हें तथ्यों के साथ समझाएं कि भाजपा इस तरह का कोई कार्य नहीं करने वाली। सत्ता और संगठन मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस और विपक्षी दलों के इस नैरेटिव को रोकने के लिए और क्या कर सकता है, इस पर आप सभी विचार करें।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के कार्यों के साथ सत्ता और संगठन के समन्वय से लोकसभा के चुनाव में सभी 29 सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है। इस चुनाव मे हम छिंदवाड़ा लोकसभा भी जीते हैं और हमने 100 प्रतिशत नहीं, बल्कि 120 प्रतिशत परिणाम दिया है। आप सभी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव की इस जीत के हकदार हैं। इस चुनाव में भाजपा ने जो रिकॉर्ड बनाया है, वह भविष्य में कोई तोड़ नहीं सकता। भविष्य में कोई दल सभी 29 सीटें जीतता है तो वह हमारे रिकॉर्ड की सिर्फ बराबरी करेगा, तोड़ नहीं पाएगा।

डॉ यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता संभालने के कुछ ही समय बाद लोकसभा चुनाव की आचार संहिता प्रभावी हो गई, विकास कार्यों को करने के लिए अधिक समय नहीं मिला था। अब आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी विधायकों, जिला अध्यक्षों के साथ प्रदेश संगठन के साथ मिलकर आगामी 4 वर्ष के विकास का रोडमैप बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए सत्ता और संगठन में समन्वय के माध्यम से तकनीक का उपयोग कर प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश के विकास को और गति देने के लिए औद्योगीकरण के लिए सुविचारित प्रयास किया जाएंगे।

समीक्षा बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने देशभर में जो वातावरण बनाने का प्रयास किया, उसका प्रभाव मध्यप्रदेश में कहीं दिखाई नहीं दिया। इसका कारण यह था कि हर बूथ जीतने के संकल्प के साथ पार्टी का कार्यकर्ता एक सजग प्रहरी की तरह हर बूथ पर तैनात था।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमें 8 प्रतिशत अधिक वोट मिले थे और लोकसभा चुनाव में भी हमारा वोट प्रतिशत करीब 1.5 प्रतिशत बढ़ा है। हमने 75 से 80 प्रतिशत बूथों पर जीत हासिल करके इतिहास बनाया है। कार्यकर्ताओं ने प्रयास किए और पार्टी नेतृत्व ने परिश्रम किया। सभी ने मिलकर अपनी-अपनी भूमिकाओं का निर्वाह किया और हम प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतने में सफल हुए। हम सभी ने मिलकर जीत का इतिहास बनाया है और आज पूरा मध्यप्रदेश भगवा रंग से आलोकित है।

श्री शर्मा ने कहा कि देश में फिर एनडीए की सरकार बनी है और प्रधानमंत्री श्री मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर रिकॉर्ड बनाया है। श्री शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में झूठ, छल-कपट, परिवारवाद, जातिवाद और विभाजन की राजनीति करने वाली ताकतें परास्त हुई हैं। भारतीय जनता पार्टी सिर्फ हार की नहीं, बल्कि अपनी जीत की भी समीक्षा करती है।

मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए किस तरह का संगठन होना चाहिए, यह मध्यप्रदेश से दूसरे राज्यों को सीखना चाहिए। मैं कई राज्यों में चुनाव कार्य देखा है, लेकिन मध्यप्रदेश जैसे देवतुल्य कार्यकर्ता मैंने नहीं देखा। मध्यप्रदेश में कार्यकर्ताओं की बहुत अच्छी टीम है, जो दिए गए कार्यों को टीम भावना के साथ बहुत अच्छे से कार्यों को पूरा करते हैं। मध्यप्रदेश में पार्टी का आदर्श संगठन है, जिसकी देशभर में सराहना होती है।

बैठक में संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि समीक्षा हमारी कार्यपद्धति का आधार है। भाजपा संगठन 100 में से 100 अंक हासिल करके भी अपने काम की समीक्षा करता है। क्या कमी रह गई और कैसे और अच्छा किया जाए, यही भाव भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाता है। श्री उपाध्याय ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए कहा कि आप सभी के परिश्रम से शानदार सफलता मिली है और हम सभी 29 सीटें जीतने में सफल रहे।

उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने कहा कि जीत के रास्ते पर हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में हमने 27 सीटें जीती थीं, 2019 के चुनाव में 28 जीतीं और 2024 के चुनाव में हमने सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की है। श्री हितानंद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम तथा पूर्वजों के त्याग से हम हर चुनाव में आगे बढ़ रहे हैं।

बैठक के दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल एवं जगदीश देवड़ा, लोकसभा चुनाव अभियान समिति के संयोजक हेमंत खंडेलवाल मंचासीन रहे। बैठक के दौरान केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ सत्यनारायण जटिया की धर्मपत्नी श्रीमती कलादेवी और सीहोर के पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी के देवलोकगमन पर मौन धारण कर शोक व्यक्त किया।

Next Post

बिहार में पर्चा लीक होने के मामलों को रोकने के लिए बनेगा कानून: नीतीश

Mon Jun 17 , 2024
पटना 17 जून (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकारी नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य को मिशन मोड में पूरा करने तथा प्रतियोगिता परीक्षाओं में अनियमितता एवं पर्चा लीक होने जैसे मामलों को रोकने के लिए कानून बनाने का आज निर्देश दिया। श्री कुमार ने सुशासन के कार्यक्रम […]

You May Like