जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत कांचघर चौराहे पर गाड़ी टच होने की बात पर उपजे विवाद पर एक युवक द्वारा दो अधिवक्ताओं के मारपीट, जान से मारने की धमकी दी बल्कि जमीन में गिराकर ड्रेस फाड़ दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ललित कॉलोनी निवासी अधिवक्ता यशवंत कुमार मानकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे अपनी साथी अधिवक्ता सोनाली बावरिया के साथ किशोर न्यायालय से काम निपटाकर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान कांचघर चौराहे पर वाहन क्रमांक एमपी 20 के एन 7206 के चालक ने गाड़ी टच होने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोपी ने अधिवक्ताओं की कार के सामने अपनी मोटरसाइकिल अड़ा दी। विरोध करने पर आरोपी ने अधिवक्ता यशवंत मानकर की कॉलर पकड़ी और उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान आरोपी ने अभद्रता करते हुए अधिवक्ता की ड्रेस भी फाड़ दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान आरोपी के साथ बैठी महिला वहां से भाग निकली।
मोबाइल में कैद हुई घटना
विवाद बढ़ता देख वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान साथी महिला अधिवक्ता सोनाली बावरिया ने अपने मोबाइल से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। जिसे पुलिस को सौंपा है। घमापुर पुलिस ने अधिवक्ता की रिपोर्ट पर वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पतासाजी कर रही है।
