इछावर में हृदयविदारक हादसा: प्यास बुझाने गए दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत

इछावर: इछावर तहसील के ग्राम खजुरिया घेघी में खेत पर फसल कटाई के दौरान कुएं में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार ग्रामीण देवनारायण अपनी पत्नी और दो बेटों अनुराग (15) और नैतिक (14) के साथ किसान जितेंद्र के खेत में गेहूं की कटाई करने गए थे। काम के दौरान दोनों भाई प्यास बुझाने और पानी लाने के लिए पास के कुएं पर पहुंचे। छोटा भाई नैतिक कुएं में उतरकर पानी भर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा।

छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई अनुराग उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया, लेकिन वह भी पानी की गहराई में समा गया। काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजन तलाश करते हुए कुएं के पास पहुंचे। वहां पानी में बच्चों के जूते-चप्पल तैरते देख परिजन सन्न रह गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अनामिका चतुर्वेदी अस्पताल पहुंचीं और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने शासन की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गांव में एक साथ दो अर्थियां उठने से हर आंख नम है।

Next Post

GYANII मॉडल पर आधारित है मप्र का बजट

Wed Feb 18 , 2026
भोपाल: वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट भाषण में प्रदेश के वित्त मंत्री ने बजट की सबसे खास बात बताते हुए स्पष्ट किया कि इस बार का संपूर्ण बजट GYANII मॉडल पर आधारित रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल परंपरागत घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के […]

You May Like

Play sound