सिंगरौली:वन परिक्षेत्र बैढ़न अंतर्गत बरहपान एवं उर्ती बीट क्षेत्र में किए गए प्लांटेशन कार्यों की समीक्षा के लिए वन विभाग द्वारा पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। उपवन मंडलाधिकारी एन.के. त्रिपाठी ने आदेश जारी करते हुए टीम को दो दिन के भीतर जांच पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जांच दल में बरहपान एवं अमिलिया सर्कल के दो डिप्टी रेंजर तथा तीन बीट गार्ड शामिल किए गए हैं। टीम को प्लांटेशन के द्वितीय एवं तृतीय चरण में कराए गए निराई-गुड़ाई और पौधों के रखरखाव कार्यों की स्थल पर जांच कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वन विभाग का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों में कराए गए पौधरोपण कार्यों की प्रगति और रखरखाव व्यवस्था का तथ्यात्मक मूल्यांकन करना बताया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना:-
प्लांटेशनों के संबंध में जो शिकायत हुई हैं, उसकी जांच के लिए उप वन मण्डलाधिकारी के द्वारा पॉच सदस्यीय जांच टीम गठित कर दो दिन के अंदर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया है।
राजकुमार यादव
वन परिक्षेत्रा अधिकारी, रेंज बैढ़न
