सारंगपुर में हादसा: 15 फीट गहरी नाली में काम कर रहे मजदूरों पर गिरी मिट्टी, मलबे में दबने से एक की गई जान

सारंगपुर। सारंगपुर तहसील के तहत लीमा चौहान थानांतर्गत ग्राम निपानिया तुला में शनिवार दोपहर को प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत दीवार (रिटर्निंग वॉल) के निर्माण के समय हादसा हो गया. मिट्टी धंसने से दो मजदूर मलबे में दब गये. एक मजदूर की दु:खद मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रुप से घायल हो गया.

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12.55 बजे यह घटना हुई. मिट्टी धंसने से मलबे में दबे दो मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पाताल ले जाया गया जहां एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रुप से घायल मजदूर को शाजापुर भेजा गया है.

मिट्टी में दबे मजदूर

जानकारी के अनुसार संडावता-सारंगपुर मार्ग पर सडक़ की मजबूती के लिए गहरी नाली खोदकर दीवार का निर्माण किया जा रहा था. शनिवार को लगभग 15 मजदूर खोदी गई नाली के अंदर काम कर रहे थे, इसी बीच एकाएक ऊपर से बड़ी मात्रा में मिट्टी धंस गई, जिसमें मजदूर दब गये. यहां काम कर रहे बैरसिया क्षेत्र के रहने वाले संजू उम्र 19 वर्ष एवं सोनू 26 वर्ष मिट्टी के मलबे में बुरी तरह दब गये.

बचाव के लिए दौड़ पड़े लोग

घटना की जानकारी लगते ही पुलिस बल, नागरिक मौके पर पहुंचे. जेसीबी की सहायता से तुरंत मलबा हटाकर मलबे में दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला और सारंगपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया. उपचार के दौरान 19 वर्षीय संजू ने दम तोड़ दिया. जबकि एक अन्य मजदूर सोनू गंभीर घायल हो गया.

सडक़ के सपोट में बनाई जा रही थी दीवार

जानकारी के अनुसार लीमा चौहान से करीब 4 किमी दूर एवं निपानिया तुला गांव से लगभग 1 किमी पहले निपानिया तुला रोड पर साइड कटने के कारण सडक़ की सपोट हेतु साइड में दीवार का निर्माण किया जा रहा था. इसी दौरान मिट्टी धंसने से यहां कार्य कर रहे दो मजदूर मलबे में बुरी तरह दब गये. घटना की जानकारी मजदूरों के साथियों ने मोबाईल द्वारा गांव में दी जिस पर तुरंत बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्य में जुट गये. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.

तत्परता के साथ बचाव कार्य में जुटे

जैसे ही घटना की जानकारी पता चली पुलिस बल एवं नागरिक तुरंत मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्य में जुट गये. जानकारी के अनुसार 12 से 15 फीट तक मिट्टी ढह गई थी जिसे जेसीबी की मदद से बड़े ही सावधानी पूर्वक हटाते हुए घायलों को बाहर निकालकर तुरंत सिविल अस्पताल सारंगपुर ले जाया गया. पुलिस द्वारा इस मामले में मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है.

Next Post

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में करोड़ों के फर्जीवाड़े के मामले में प्राथमिकी दर्ज

Sat Feb 14 , 2026
जयपुर 14 फरवरी (वार्ता) राजस्थान में कृषि मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा द्वारा शुक्रवार को चूरु जिले में स्टेट बैंक आफ इंडिया (एसबीआई) की सालासर शाखा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़े का मामला उजागर करने के बाद शनिवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई। डाॅ मीणा […]

You May Like