
सीधी । जिले के कुसमी अंचल में शुक्रवार दोपहर बहेरा नाला पुल से बाइक के गिरने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना लेदहा के बहेरा नाला पुल के पास ग्राम पंचायत रौहाल क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे हुई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार सीता प्रताप सिंह पिता गजराज सिंह उम्र 45 वर्ष अपनी बहन के ससुराल रौहाल में आयोजित दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वे पहले अपने छोटे भाई को रौहाल छोड़ने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय उन्होंने अपनी पत्नी और बुआ को भी सुरक्षित छोड़ा था। इसके बाद वे रौहाल से अपने गांव चगोहर की ओर वापस जा रहे थे। इसी दौरान लेदहा स्थित बहेरा नाला पुल के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक संतुलन खोकर सीधे पुल के नीचे जा गिरी। गिरने से सीता प्रताप सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। स्थानीय लोग तत्काल सहायता के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा । प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और परिजनों से भी पूंछताछ की जा रही है।
