
इंदौर। शहर में आर्थिक अपराध के दो बड़े मामले सामने आए हैं। जूनी इंदौर पुलिस ने एक निजी कंपनी के कर्मचारी को एक करोड़ रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है, वहीं तिलक नगर में एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग की गई है।
जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रेम नगर निवासी सुरेश पाहुजा की कंपनी में बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। कंपनी में वित्तीय लेन-देन संभालने वाले कर्मचारी पवन कुमार यादव निवासी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश ने पद का दुरुपयोग करते हुए खातों में हेरफेर किया और करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का गबन कर लिया।एसीपी विजय चौधरी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।पुलिस यह पता लगा रही है कि गबन की गई भारी-भरकम राशि कहाँ निवेश की गई या किन बैंक खातों में छिपाई गई है। इस मामले में अन्य सहयोगियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
क्रेडिट कार्ड हैक कर उड़ाए 3 लाख रुपये
तिलक नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अनिल जाट नामक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड का अज्ञात बदमाशों ने दुरुपयोग किया।बदमाशों ने कार्ड के जरिए करीब 3 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन किए, जिसमें मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान खरीदा गया। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। फिलहाल तिलक नगर पुलिस साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन आईडी और लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
