अशोकनगर: एक बड़े कारोबारी और बिल्डर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी अंकित अग्रवाल से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य ‘हरि बॉक्सर’ बताया है। इस घटना के बाद से शहर के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।इंटरनेशनल नंबरों से आए कॉल और वॉयस नोट पीड़ित अंकित अग्रवाल के अनुसार, 11 फरवरी को उनके पास तीन अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल आए। जब उन्होंने फोन नहीं उठाया, तो आरोपी ने लगभग दो मिनट का एक वॉयस नोट भेजा। वॉयस नोट में आरोपी ने बेहद आक्रामक लहजे में कहा, मैं हरि बॉक्सर बोल रहा हूं, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से। फोन उठाकर बात कर ले,
वरना दिमाग की सारी गलतफहमी निकाल देंगे। हमने आज तक जिसे फोन किया है, उसे बिना पैसे लिए नहीं छोड़ा; या तो पैसे लिए हैं या उसे मार दिया है।
पूरी रेकी के साथ दी धमकी
परिवार की हर डिटेल मेरे पास है: धमकी देने वाले शख्स ने कारोबारी को हराने के लिए उनके व्यापार और परिवार की पूरी जानकारी साझा की। वॉयस नोट में उसने
अंकित की ट्रैक्टर एजेंसी, बंसल कैपिटल ग्रुप, निमार्णाधीन कॉलोनी और पेट्रोल पंप तक का जिक्र किया। आरोपी ने यहाँ तक दावा किया कि उसके पास अंकित की पत्नी, माता-पिता और उनके आने-जाने के समय के साथ-साथ घर की फोटो और लोकेशन भी मौजूद है। उसने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर 10 करोड़ रुपए नहीं मिले, तो यह रकम बढ़ाकर 20 करोड़
कर दी जाएगी और जान से मारने की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के एक अन्य व्यापारी को भी आया कॉल
अंकित अग्रवाल के अलावा शहर के एक अन्य व्यापारी बलबीर खुराना ने भी पुलिस को सूचना दी है कि उन्हें भी एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से संदिग्ध कॉल आया था, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और साइबर सेल ने जांच तेज कर दी है। एएसपी गजेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह किसी की शरारत या विश्नोई गैंग के नाम पर डर फैलाकर वसूली की कोशिश लग रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास कर रही है। पीड़ित की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
