जबलपुर: राज्य शासन द्वारा आयोजित मासिक कलेक्टर कांफ्रेंस के अनुरूप जिले में विभागवार बैठकों का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सभी उपखंड और ब्लॉक स्तर की बैठकों के कैलेंडर जारी कर जमीनी स्तर से फीडबैक लेने और योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठकों में कृषि, स्वास्थ्य, रोजगार, नगरीय विकास, शिक्षा, ग्रामीण विकास और जनजातीय कार्य सहित विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा की जाएगी।
कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती, सोयाबीन भावांतर योजना, ड्रिप सिंचाई, फूलों की खेती और कृषि आधारित रोजगार सृजन पर चर्चा होगी। पशुपालन और मत्स्य पालन में योजनाओं की प्रगति का भी आकलन किया जाएगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान, गर्भवती महिलाओं में एनीमिया प्रबंधन, नवजात शिशु देखभाल और आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा होगी। रोजगार सृजन हेतु प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, कौशल विकास और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की स्थिति देखी जाएगी।
नगरीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, अमृत 2.0 और पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। शिक्षा क्षेत्र में नामांकन, ड्रॉपआउट में कमी, मिशन अंकुर और स्मार्ट क्लास संचालन पर ध्यान दिया जाएगा। ग्रामीण विकास में पीएम आवास योजना (ग्रामीण), जल जीवन मिशन और वनाधिकार कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा। सड़क सुरक्षा, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई की स्थिति भी बैठक का हिस्सा रहेगी। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ प्रभावी और पारदर्शी रूप से लाभार्थियों तक पहुंचे।
