इंदौर: खजराना क्षेत्र में मामूली विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया, जहां खेलते समय हुए झगड़े के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि मृतक समीर राठौर पिता स्वर्गीय धर्मेंद्र राठौर निवासी पटेल नगर अपने दोस्तों के साथ दिव्य शक्ति मंदिर के पीछे पुष्प विहार कॉलोनी स्थित कुएं के पास खेलने गया था.
इसी दौरान खेल के बीच आपसी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हो गई. विवाद के दौरान संतुलन बिगड़ने से समीर कुएं में जा गिरा. स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना पर खजराना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की. बाद में परिस्थितियों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर दो नाबालिग आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. थाना प्रभारी का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है.
