देहरादून में गैस एजेंसी मालिक की अज्ञात युवकों ने गोली मारकर की हत्या

देहरादून 11 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह परेड ग्राउंड स्थित स्टेडियम से टेनिस खेलने के बाद अपने घर जाने को बाहर निकले एक युवक की दोपहिया वाहन सवार दो अज्ञात युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक देहरादून में ही एक गैस एजेंसी का संचालक था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह बहुउद्देशीय स्टेडियम से रोजाना की तरह टेबल टेनिस खेलने के बाद लगभग नौ बजे स्टेडियम के बाहर खड़ी अपनी कार में बैठने जा रहे 40 वर्षीय युवक अर्जुन शर्मा को दोपहिया वाहन स्कूटी पर आए दो हमलावरों ने गोली मार दी। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास लगी फल, और दूसरे अल्पाहारों की ठेलियों पर खड़े लोगों द्वारा मौके पर खून से लथपथ अर्जुन को एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि मृतक जीएमएस रोड पर अमर दीप के नाम से भारत गैस एजेंसी का संचालक है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह और संबंधित थाना डालनवाला की पुलिस मौके पर पहुंच गई। राजधानी के सभी मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी की गई है। जबकि घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है। शहर के बीचोबीच हत्या की खबर से सनसनी का माहौल बन गया है। क्योंकि जिले में पिछले एक पखवाड़े में लगातार हत्या की यह चौथी घटना है। इससे पहले 29 जनवरी को विकासनगर में 18 साल की छात्रा, 31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या, 02 फरवरी को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या की घटनाएं हुई हैं।

Next Post

महिला से निवेश के नाम पर की धोखाधड़ी दो अलग-अलग मामलों में केस दर्ज

Wed Feb 11 , 2026
इंदौर:शहर में साइबर और वित्तीय ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है. द्वारकापुरी और क्राइम ब्रांच थाना क्षेत्रों में पुलिस ने दो अलग-अलग शिकायतों पर धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पहले मामले में द्वारकापुरी क्षेत्र के गुमास्ता नगर स्थित एसबीआई एटीएम से 58 वर्षीय […]

You May Like