
सिंगरौली। कोतवाली बैढ़न क्षेत्र अंतर्गत बलियारी स्थित रिहंद डैम में आज दिन सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां स्टीमर में बोटिंग के दौरान सेल्फी वीडियो बना रहा एक किशोर अचानक पानी में गिरकर डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और प्रशासन द्वारा एसडीईआरएफ की मदद से किशोर की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आज दिन सोमवार की सुबह करीब १० बजे संतोष शाह उम्र १७ वर्ष, पिता राम सजीवन शाह, निवासी बलियरी अपने साथियों अरविंद शाह और आशीष कुमार के साथ मछली पकड़ने वाली स्टीमर में बैठकर रिहंद डैम में बोटिंग कर रहा था। स्टीमर को सोनू खैरवार चला रहा था। इसी दौरान संतोष शाह स्टीमर पर खड़े होकर सेल्फी वीडियो बना रहा था। जैसे ही स्टीमर को मोड़कर वापस लाया जा रहा था, संतुलन बिगड़ने से संतोष शाह अचानक डैम के गहरे पानी में गिर गया। साथी अरविंद शाह ने उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में छलांग लगाई, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह संतोष को बचा नहीं सका और वह डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा एसडीईआरएफ की टीम की मदद से किशोर की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इनका कहना
बलियरी के तीन युवक रिहंद डैम में गये थे, जहां एक युवक संतोष शाह अचानक डैम के गहरे पानी में डूब गया, जिसकी तलाश एसडीआरएफ टीम की मदद से की जा रही है।
उदयचन्द्र करिहार
उप निरीक्षक, कोतवाली बैढ़न
